IPL 2025 Captains list: अब तक 6 टीमों ने किए अपने कप्तान घोषित, जानें कौन संभालेगा CSK और मुंबई इंडियंस की कमान

IPL 2025: सभी टीमों के कप्तानों की पूरी लिस्ट
IPL 2025 की शुरुआत में अभी करीब 2 महीने से अधिक का समय बाकी है। BCCI के उपाध्यक्ष ने हाल ही में पुष्टि की थी कि सीजन का आगाज 21 मार्च से होगा। इसी बीच, पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर को अपनी टीम का कप्तान घोषित कर दिया है। गौरतलब है कि श्रेयस को पंजाब ने मेगा ऑक्शन में 26.75 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि देकर खरीदा था, जिससे वे आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। पंजाब से पहले भी कई टीमें अपने कप्तानों के नाम की घोषणा कर चुकी हैं।

6 टीमों के कप्तान हुए घोषित
मुंबई इंडियंस ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करते हुए पुष्टि की है कि हार्दिक पांड्या ही अगले सीजन में टीम की कमान संभालेंगे। वहीं, IPL 2024 में शानदार प्रदर्शन के बाद ऋतुराज गायकवाड़ को CSK का कप्तान बनाया गया है। पैट कमिंस एक बार फिर SRH को फाइनल तक ले जाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। पिछले सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल पर अपना भरोसा कायम रखा है। इसके अलावा, IPL 2025 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने भी अपने कप्तान की घोषणा कर दी है, और संजू सैमसन टीम की कमान संभालेंगे।

IPL 2025 Captains and Price List:
- CSK: ऋतुराज गायकवाड़ (₹18 करोड़)
- SRH: पैट कमिंस (₹18 करोड़)
- मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या (₹16.35 करोड़)
- गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (₹16.50 करोड़)
- पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (₹26.75 करोड़)
- राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (₹18 करोड़)

अब भी चार टीमों को अपने कप्तान का इंतजार
चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, गुजरात, पंजाब और राजस्थान ने अपने कप्तानों की घोषणा कर दी है, लेकिन RCB, लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को अब भी अपने लीडर का इंतजार है। एक ओर जहां विराट कोहली के खराब फॉर्म के बावजूद RCB की कप्तानी दोबारा मिलने की अटकलें तेज हैं, वहीं IPL के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत, जिन्हें लखनऊ ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा है, को LSG की कप्तानी मिलने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स की कमान केएल राहुल और अक्षर पटेल मिलकर संभाल सकते हैं, जबकि KKR की कप्तानी वेंकटेश अय्यर को सौंपी जा सकती है।